चांदनी महल के कारोबारी की फरीदाबाद में हत्या, ढाई लाख की लूट के लिए उतारा मौत के घाट, तीन आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के चांदनी महल इलाके से लापता हुए 31 वर्षीय स्क्रैप कारोबारी आरिब की फरीदाबाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जब जांच शुरू की, तो मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से दबोचा है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट और व्यापारिक रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया था। फरीदाबाद पुलिस के साथ चलाए गए एक संयुक्त अभियान में आरिब का शव बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली गेट स्थित कूचा चालान निवासी आरिब 7 मार्च को करीब ढाई लाख रुपये नकद लेकर कारोबार के सिलसिले में फरीदाबाद गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने चांदनी महल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरिब का आखिरी संपर्क हर्ष नामक युवक से हुआ था। हर्ष से पूछताछ के बाद कड़ी से कड़ी जुड़ती गई और पुलिस फरीदाबाद में किराये पर रहने वाले राहुल तक पहुंच गई। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी।

तफ्तीश के दौरान पता चला कि आरोपी राहुल अचानक अपना कमरा खाली कर अलीगढ़ भाग गया है। दिल्ली पुलिस की टीम ने अलीगढ़ में दबिश देकर राहुल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने साथी बाबू और अन्य के साथ मिलकर आरिब की हत्या कर दी है। आरोपियों ने पैसों के विवाद और लूट के इरादे से आरिब को फरीदाबाद बुलाया था। दिल्ली पुलिस की सूचना पर फरीदाबाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी बाबू को भी गिरफ्तार कर लिया और आरिब का शव बरामद किया। चूंकि हत्या की वारदात फरीदाबाद में हुई है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच फरीदाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More