सुल्तानपुरी का घोषित अपराधी ‘छल्ला’ चोरी की स्पोर्ट्स बाइक के साथ मोहन गार्डन से गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की मोहन गार्डन थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है, जो सुल्तानपुरी थाने का घोषित अपराधी है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज उर्फ अजय उर्फ छल्ला (29 वर्ष), निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘छल्ला’ एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी और स्नैचिंग जैसे 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को विजय सिंह नामक व्यक्ति ने मोहन गार्डन थाने में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी नजफगढ़ प्रक्षय कुमार सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेंद्र, राकेश, धर्मेंद्र, हरेंद्र और हेतराम की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मोहन गार्डन से लेकर सुल्तानपुरी तक के रूट पर लगे 180 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया।

लगातार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी की और अंततः मुख्य आरोपी सूरज उर्फ छल्ला को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि 24-25 फरवरी की दरमियानी रात उसने अपने साथी आकाश के साथ मिलकर सोम बाजार रोड, मोहन गार्डन से स्पोर्ट्स बाइक चोरी की थी। आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे और अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए महंगी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज उर्फ छल्ला सुल्तानपुरी इलाके का एक सक्रिय अपराधी है और उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार साथी आकाश की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More