स्पेशल स्टाफ द्वारका ने अंतरराज्यीय शराब तस्कर को दबोचा, लग्जरी कार से अवैध शराब बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला के स्पेशल स्टाफ ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर विशाल (24 वर्ष), निवासी धुलसिरस, द्वारका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है, जिसे एक टाटा नेक्सन कार में छिपाकर हरियाणा से दिल्ली लाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त इस कार को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के पर्यवेक्षण और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रदीप, महिला हेड कांस्टेबल गीता, कांस्टेबल मंजीत और जय भगवान की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के प्रवेश द्वारों पर जाल बिछाया और संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। 2 मार्च की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि विशाल नामक तस्कर भारी मात्रा में शराब लेकर नजफगढ़-गुड़ग्राम रोड से दिल्ली में प्रवेश करने वाला है।

सूचना के आधार पर रेवला खानपुर गांव के पास नाकाबंदी की गई। जब संदिग्ध टाटा नेक्सन कार को रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार का पीछा किया और आरोपी को उस समय धर दबोचा जब वह कार छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। कार की तलाशी लेने पर उसके भीतर से हरियाणा में बिक्री के लिए अधिकृत ‘संतरा मसालेदार देशी शराब’ के 1650 क्वार्टर बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने खुलासा किया कि वह पहले पेशे से ड्राइवर था, लेकिन बुरी आदतों के कारण उसकी नौकरी छूट गई। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह शराब तस्करों के संपर्क में आया और खुद इस अवैध धंधे में उतर गया। पुलिस ने थाना छावला में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब का मुख्य सप्लायर कौन है और दिल्ली में यह शराब किन-किन ठिकानों पर सप्लाई की जानी थी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More