अशोक विहार पुलिस ने खंजर मारकर लूटपाट करने वाले को दो साथी समेत पकड़ा, लूटा हुआ मोबाइल और खंजर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की अशोक विहार थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वजीरपुर गांव में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शिवम उर्फ एडम (18 वर्ष), निवासी अशोक विहार फेज-1 को गिरफ्तार किया है और नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अपराध में इस्तेमाल किया गया एक खंजर बरामद कर लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया एक किशोर सराय रोहिल्ला में हुई एक हत्या के मामले में भी वांछित था, जबकि मुख्य आरोपी शिवम अशोक विहार में हुई मारपीट की एक अन्य घटना में शामिल पाया गया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 3 मार्च की शाम वजीरपुर गांव स्थित चौपाल के पास मीट की दुकान पर काम करने वाले शुभान को तीन मोटरसाइकिल सवार लड़कों ने रोका और खंजर मारकर उनका मोबाइल लूट लिया। इस गंभीर मामले की जांच के लिए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, एएसआई राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल करण पाल, दरवेश, सुनील और कांस्टेबल विनोद की एक समर्पित टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए आसान पैसे कमाने के चक्कर में लूटपाट करते थे। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड काफी गंभीर है। पकड़े गए किशोरों में से एक 26 फरवरी को थाना सराय रोहिल्ला में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहा था। वहीं, शिवम और एक अन्य किशोर उसी दिन अशोक विहार में हुई एक अन्य हिंसक झड़प में भी शामिल थे। शिवम पहले भी अपहरण के एक मामले में संलिप्त रहा है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने जिस खंजर से पीड़ित पर हमला किया था, उसे बरामद कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी से न केवल लूट की वारदात सुलझी है, बल्कि हत्या और मारपीट जैसे अन्य संगीन मामलों के वांछित अपराधी भी कानून की गिरफ्त में आए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से उनके अन्य संभावित साथियों और क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपियों को कोर्ट और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है और मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More