151 कदम साथ चल समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लूटे बुजुर्ग महिला के जेवर, पुलिस ने ढोंगी बाबा को दबोचा, सोने का लॉकेट बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की मौर्य एन्क्लेव थाना टीम ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले को सुलझाते हुए एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मिथुन (34 वर्ष), निवासी दिलशाद गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता से ठगा गया एक सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है। आरोपी ने खुद को बाबा बताकर और महिला की सभी पारिवारिक समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाया था। आरोपी मिथुन एक आदतन अपराधी है और पहले भी उत्तर प्रदेश में इसी तरह की वारदातों में गिरफ्तार हो चुका है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 3 मार्च को पीतमपुरा निवासी राज रानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह काम से लौट रही थी, तब टाटा पावर कार्यालय के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। उसने खुद को संत बताकर महिला का विश्वास जीता। इसी दौरान उसका एक अन्य साथी भी वहां पहुँच गया और उसने भी उस ‘बाबा’ से आशीर्वाद लेने का नाटक किया ताकि महिला को शक न हो। आरोपियों ने महिला से कहा कि यदि वह 151 कदम उनके साथ चलेगी और अपने सोने के जेवर दूसरे व्यक्ति को दे देगी, तो उसकी सभी समस्याएं हल हो जाएंगी। महिला उनकी बातों में आ गई और अपने कानों के टॉप्स व सोने का लॉकेट उन्हें सौंप दिया, जिसे लेकर आरोपी चंपत हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सृष्टि भट्ट के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मदन मीणा के नेतृत्व में एसआई शुभम, हेड कांस्टेबल साधु राम, मुकेश, विजय, धनेश और कांस्टेबल रविंदर की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद ली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मिथुन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह आसान तरीके से पैसे कमाने के लिए बुजुर्गों को आध्यात्मिक बातों के जाल में फंसाकर ठगी करता है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मिथुन पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद सोने का लॉकेट जब्त कर लिया है और अब उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही, महिला के सोने के टॉप्स की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। मौर्य एन्क्लेव पुलिस ने स्थानीय निवासियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर मिलने वाले ऐसे अनजान व्यक्तियों और ढोंगी संतों की बातों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More