शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, आरोपी चालक फरार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और फरार आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

घटना की जानकारी पुलिस को चार फरवरी की सुबह मिली थी। पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक गंभीर रूप से घायल था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के पास से फिलहाल कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके, इसलिए शव को शिनाख्त के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया है और वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। इस संबंध में शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपी वाहन की पहचान कर उसे और उसके चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More