मालवीय नगर में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने दो बेटियों की हत्या कर खुदकुशी का किया प्रयास

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर के भीतर दो सगी बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। घर के ही एक अन्य कमरे में उनकी मां अचेत अवस्था में मिली, जिसे तुरंत एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:10 बजे मालवीय नगर थाना पुलिस को एक कॉल मिली थी, जिसमें कॉलर ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य घर का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो घर अंदर से बंद मिला। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा खौफनाक था। अलग-अलग कमरों में दो युवतियों के शव पड़े थे। मृतकों की पहचान 33 और 28 वर्षीय सगी बहनों के रूप में हुई है। एक बहन के चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जबकि दूसरी के गले पर फंदे के निशान मिले हैं।

उसी घर के एक अन्य कमरे में दोनों बहनों की मां भी बेसुध पड़ी मिली, लेकिन उसकी सांसें चल रही थीं। पुलिस ने बिना समय गंवाए महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची क्राइम और एफएसएल की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को शक है कि मां ने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है, हालांकि महिला के होश में आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।

मालवीय नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के असल कारणों का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या युवतियों को मारने से पहले उन्हें कोई नशीला पदार्थ दिया गया था। फिलहाल पुलिस की टीमें अस्पताल में भर्ती महिला के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More