कंझावला पुलिस ने सुलझाई टैक्सी ड्राइवर की हत्या की गुत्थी, मामूली विवाद में चाकू घोंपने वाले दो किशोर हिरासत में

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना कंझावला की टीम ने उत्सव विहार, करला इलाके में हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए दो नाबालिगो को हिरासत में लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और घटना के समय उनके द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। मृतक की पहचान 36 वर्षीय विकास शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर थे। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और घटनास्थल से मिली एक चप्पल के आधार पर महज़ कुछ ही घंटों में आरोपियों को ट्रैक कर लिया।

रोहिणी जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि 4 मार्च की दोपहर को उत्सव विहार में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो वहां एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी मिली और सड़क पर खून बिखरा था। घायल विकास शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक सुरेंद्र, एसआई उमैर, परवीन तोमर और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

जांच के दौरान मानवीय खुफिया जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पुलिस इन दो किशोरों तक पहुँची। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि सड़क पर हुआ एक मामूली विवाद था। आरोपियों ने बताया कि विकास की गाड़ी एक लड़के से हल्की सी टच हो गई थी, जिस पर उनके बीच तीखी बहस और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान एक लड़के ने विकास को दबोच लिया और दूसरे ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि वारदात के समय विकास की कार से उनके तीन मोबाइल फोन और बटुआ सुरक्षित मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि लूटपाट का कोई इरादा नहीं था। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी भौतिक साक्ष्यों को इकट्ठा कर जांच को अंतिम रूप देने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More