रिठाला की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 17 वर्षीय किशोरी की जलकर दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले के रिठाला गांव स्थित बंगाली बस्ती में गुरुवार को लगी भीषण आग ने एक मासूम की जान ले ली। इस भयावह अग्निकांड में 17 वर्षीय एक किशोरी जिंदा जल गई, जिसका झुलसा हुआ शव दमकल विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बरामद किया। आग की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस व दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आसपास की झुग्गियों को खाली कराया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह बुद्ध विहार थाने को रिठाला की झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही 10-15 दमकल वाहन और करीब 10 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

सर्च ऑपरेशन के दौरान झुग्गी नंबर-202 से एक किशोरी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रोजीना खातून (17) पुत्री हनफ लश्कर के रूप में हुई है। रोजीना सूर्या होटल के पास स्थित इन झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहती थी। बुरी तरह झुलसी हुई हालत में उसे बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में FIR के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 125(a) और 106 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें कूलिंग ऑपरेशन के साथ-साथ आग लगने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More