मुकुंदपुर में कार साइड करने को लेकर बाइक सवार से हुआ विवाद, बाइक सवार ने चलाई गोली

नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर-II इलाके में सड़क पर वाहन हटाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक बाइक सवार युवक ने कार चालक पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी और गलियों में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर फरार हो गया। गनीमत यह रही कि इस हमले में पीड़ित बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वारदात बुधवार शाम करीब 4:50 बजे की है। मुकुंदपुर-II, गली नंबर-6 निवासी पीड़ित अरविंद कुमार पांडे (33) अपनी कार रिवर्स कर रहे थे, तभी एक बाइक सवार से उनका विवाद हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, बहस के बाद बाइक सवार वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह हाथ में देशी कट्टा लेकर लौटा और अरविंद को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के बाद भी बदमाश का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने सड़क किनारे खड़ी दो अन्य कारों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही भलस्वा डेयरी थाना पुलिस और विशेषज्ञ टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, गहन निरीक्षण के बाद पुलिस को घटनास्थल से कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने अरविंद पांडे के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 321(2), 324(4) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। थाना पुलिस के अलावा जिले की स्पेशल विंग को भी आरोपी की पहचान के लिए लगाया गया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी के रूट का पता लगा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More