जनकपुरी पुलिस ने सुलझाई ₹1.15 करोड़ की चोरी, दीवार तोड़कर उड़ाया था सोना-चांदी, 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला के थाना जनकपुरी की पुलिस टीम ने इलाके में हुई एक बड़ी और सनसनीखेज चोरी की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी सहित दो किशोरों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने ₹1.15 करोड़ की कीमत के सोने-चांदी के जेवर, हीरे के आभूषण और ₹7 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों के भीतर करोड़ों की संपत्ति वापस हासिल करने में सफलता पाई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 22 फरवरी को पोसंगीपुर, जनकपुरी स्थित एक मकान में चोरी की सूचना मिली थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 21 फरवरी की रात अपना घर और दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह जब वह पहुंचे, तो देखा कि सीढ़ी की दीवार टूटी हुई थी और पहली, दूसरी व तीसरी मंजिल के कमरों के ताले टूटे पड़े थे। अलमारियों से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। इस संबंध में जनकपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी राजौरी गार्डन के मार्गदर्शन और जनकपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार तिवारी के नेतृत्व में एसआई मनोज कुमार, आशीष और हेड कांस्टेबल रामनिवास व अन्य जवानों की एक समर्पित टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी पर दिन-रात काम किया। 24 फरवरी को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी पोसंगीपुर पार्क के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दो किशोरों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी दिव्यांश शर्मा उर्फ बब्बू (18), निवासी पोसंगीपुर गांव को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सारा माल बरामद कर लिया। बरामदगी में 650 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो चांदी के सामान, ₹7,00,119 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल शामिल है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹1.15 करोड़ आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर इस बड़ी चोरी की साजिश रची थी। मुख्य आरोपी दिव्यांश शर्मा उर्फ बब्बू ने अपने साथियों के साथ मिलकर रात के अंधेरे में घर में प्रवेश किया और करोड़ों के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या इन आरोपियों ने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More