हरि नगर पुलिस ने दबोचा 15 वारदातों में शामिल शातिर अपराधी; चोरी की स्कूटी, मोबाइल और अवैध चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला के थाना हरि नगर की पुलिस चौकी हरि नगर की टीम ने इलाके में बढ़ते स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी पर लगाम लगाते हुए एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक मोटोरोला मोबाइल फोन और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर के निर्देशानुसार, क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के लिए एसीपी राजौरी गार्डन नीरज टोकस और हरि नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशु गिरोत्रा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई अनुप राणा, हेड कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल दीपक की टीम गठित की गई थी। 27 फरवरी की रात करीब 9:00 बजे, जब टीम स्वर्ग आश्रम रोड स्थित डीडीए पार्क के पास गश्त कर रही थी, तब उन्होंने बिना नंबर प्लेट की स्कूटी खींचकर ले जा रहे एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस को देखते ही वह स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान आर्यन उर्फ आर्यन त्रिवेदी (28), निवासी बिंदापुर, उत्तम नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू और नीले रंग का मोटोरोला फोन मिला। जब पुलिस ने सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी के इंजन और चेसिस नंबर की जांच ज़िपनेट पर की, तो पता चला कि वह उत्तम नगर थाने से चोरी की गई है। वहीं, उसके पास मिला मोबाइल फोन भी जनकपुरी इलाके से चोरी का पाया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आर्यन एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और डकैती के 15 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उत्तम नगर और जनकपुरी के दो चोरी के मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने चोरी के इन वाहनों का उपयोग और किन-किन वारदातों में किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More