केशव पुरम पुलिस ने 17 मामलों में शामिल शातिर स्नैचर को पकड़ा, चोरी की स्कूटी और फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत ‘थाना केशव पुरम’ की टीम ने एक शातिर स्नैचर सह चोर को गिरफ्तार कर इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी विकास गंगवार (27) एक आदतन अपराधी है, जो पहले से ही चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट जैसे 17 संगीन मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने इसके कब्जे से स्नैच किया गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को रामपुरा निवासी मुकेश ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित जब सुबह करीब 9:30 बजे लॉरेंस रोड स्थित अपने कार्यस्थल की ओर जा रहा था, तभी एसडीएम कार्यालय के पास एक अज्ञात युवक सफेद रंग की स्कूटी पर आया और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। मोबाइल कवर के अंदर ₹4,000 भी रखे हुए थे। इस संबंध में केशव पुरम थाने में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुखबीर, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत, संजीव, राकेश और हरि सिंह की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और आरोपी के भागने के रास्ते का सुराग लगाया। निगरानी के दौरान शंकर चौक के पास पुलिस को उसी प्रकार की स्कूटी पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। जांच में पता चला कि वह जो स्कूटी चला रहा था, वह भी सराय रोहिल्ला थाने के इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी विकास गंगवार, अशोक विहार के वजीरपुर गांव की झुग्गियों का रहने वाला है और वह थाना अशोक विहार का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अपनी ड्रग्स और शराब की लत को पूरा करने के लिए आसान पैसे कमाने के चक्कर में स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

विकास की गिरफ्तारी से न केवल केशव पुरम की स्नैचिंग की गुत्थी सुलझी है, बल्कि सराय रोहिल्ला से चोरी हुई स्कूटी का मामला भी हल हो गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। इस सफल कार्रवाई ने इलाके में पुलिस की सतर्कता को एक बार फिर साबित किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More