ई-रिक्शा में सह-यात्री बनकर लूटपाट करने वाले ब्लेड बाज गैंग का भंडाफोड़, सीलमपुर पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सह-यात्री बनकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक युवक को ब्लेड दिखाकर उसका वॉलेट और नकदी लूट ली थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दानिश उर्फ दत्तू (28) और शराफत उर्फ छोटा (30) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी न्यू सीलमपुर इलाके के ही रहने वाले हैं। इनके पास से लूटा गया वॉलेट, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को लोनी निवासी शहजाद (26) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 66-फुटा रोड से ब्रह्मपुरी की ओर एक ई-रिक्शा से जा रहा था। इसी दौरान रिक्शा में सवार तीन अन्य यात्रियों ने अचानक उसे घेर लिया और गर्दन पर ब्लेड रखकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उसका वॉलेट छीन लिया, जिसमें 2,900 रुपये और जरूरी दस्तावेज थे, और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने FIR संख्या 93/26 दर्ज कर जांच शुरू की।

SHO नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से इलाके में दबिश दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दानिश और शराफत को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब इनके तीसरे साथी की तलाश में जुटी है।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। दानिश उर्फ दत्तू चोरी के 14 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है, जबकि शराफत उर्फ छोटा पर पहले से हत्या के प्रयास और लूट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस गैंग ने हाल के दिनों में ई-रिक्शा में सवार अन्य कितने यात्रियों को अपना निशाना बनाया है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रिक्शा या ऑटो में सवार होते समय सह-यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More