JNU में छात्रों के ‘लॉन्ग मार्च’ में भारी हिंसा, बैरिकेड तोड़े, पुलिसकर्मियों को दांतों से काटा

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में गुरुवार को छात्रों द्वारा निकाला गया ‘लॉन्ग मार्च’ हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। जेएनयू छात्र संघ के आह्वान पर शिक्षा मंत्रालय की ओर बढ़ रहे छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने न केवल सुरक्षा घेरे को तोड़ा, बल्कि पुलिसकर्मियों पर शारीरिक हमला भी किया। इस दौरान कुछ छात्रों ने मर्यादा की सीमा लांघते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दांतों से काट लिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, छात्र संघ ने शिक्षा मंत्रालय तक मार्च निकालने का आह्वान किया था। जेएनयू प्रशासन और पुलिस ने छात्रों को पहले ही सूचित कर दिया था कि कैंपस के बाहर इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। छात्रों से आग्रह किया गया था कि वे अपना विरोध परिसर के भीतर ही सीमित रखें। इसके बावजूद दोपहर करीब 3:20 बजे 400 से 500 छात्रों की भीड़ मुख्य द्वार पर जमा हो गई और जबरन बाहर निकलने का प्रयास करने लगी।

पुलिस ने जब छात्रों को नॉर्थ गेट पर रोकने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। छात्रों ने बैरिकेड्स को नुकसान पहुँचाया और पुलिस पर बैनर, डंडे व जूते फेंकने शुरू कर दिए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई की और उन्हें दांतों से काटकर जख्मी कर दिया। हिंसा को बढ़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और छात्रों को वापस कैंपस के अंदर खदेड़ा।

दिल्ली पुलिस ने उन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है जिन्होंने हिंसक रुख अपनाया और कानून व्यवस्था को हाथ में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल जवानों का मेडिकल कराया गया है और हमलावरों के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल जेएनयू के नॉर्थ गेट और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More