पांडव नगर पुलिस ने शातिर ऑटो-लिफ्टर को दबोचा; चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला के थाना पांडव नगर की टीम ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके में सक्रिय एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान करण उर्फ नोडी (20) के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी के चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धनिया ने बताया कि इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मनबीर, राजीव और कांस्टेबल विक्रांत, अशोक व रामकेश की एक विशेष पेट्रोलिंग टीम गठित की गई थी। टीम को संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए गए थे।

घटनाक्रम के अनुसार, 24 फरवरी की रात करीब 10:00 बजे जब पुलिस टीम आचार्य निकेतन मार्केट में बंसल स्वीट्स के पास गश्त कर रही थी, तब उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि जेप्टो शोरूम के पास एक संदिग्ध युवक चोरी की स्कूटी के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुँची, जहाँ मास्क और हरे रंग की हुड पहने एक युवक स्कूटी पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने स्कूटी भगाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा करने के दौरान उसकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसने पैदल भागने का प्रयास किया, जिसे सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोच लिया।

तलाशी और जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जिस सफेद रंग की हीरो मेस्ट्रो स्कूटी का इस्तेमाल कर रहा था, वह पांडव नगर थाने से ही चोरी की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर तीन और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपी करण उर्फ नोडी केवल 9वीं कक्षा तक पढ़ा है और बेरोजगारी व आसान कमाई के लालच में स्थानीय अपराधियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करने लगा था। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश और बरामद वाहनों के पुराने मामलों से लिंक की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More