रेलवे स्टेशन से पीजी जा रहे छात्र को बदमाशों ने घेरा, शोर मचाने पर भागे, एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस के थाना प्रसाद नगर की टीम ने एक छात्र के साथ हुई लूट की कोशिश की गुत्थी को सुलझाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से आरोपी की पहचान की और उसे सलाखों के पीछे पहुँचाया। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में हत्या और चोरी जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 17 फरवरी को पुलिस को करोल बाग के गुरु रविदास मार्ग पर लूट के प्रयास की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता छात्र ने बताया कि वह रेवाड़ी, हरियाणा से सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पहुँचा था और वहां से रैपिडो बाइक के जरिए राजेंद्र नगर स्थित अपने पीजी जा रहा था। शाम करीब 5:30 बजे ट्रैफिक में फंसे होने का फायदा उठाकर दो बदमाशों ने उसका बैग खोलने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने छात्र के साथ मारपीट की और लूट का प्रयास किया। छात्र के शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे डरकर बदमाश मौके से फरार हो गए। भागते समय बदमाशों का एक मोबाइल फोन मौके पर ही गिर गया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी करोल बाग आशीष कुमार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई अजय, हेड कांस्टेबल लोकेश, संदीप और कांस्टेबल राजेश व अजय की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय मुखबिरों और आइज एंड ईयर्स स्कीम के सदस्यों की मदद ली। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों आरोपी छात्र के साथ मारपीट और लूट का प्रयास करते हुए साफ दिखाई दिए।

तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने करोल बाग के टिकोना पार्क के पास से मुख्य आरोपी भरत उर्फ गुड्डा (26), निवासी आनंद पर्वत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, भरत पहले भी आनंद पर्वत थाने में दर्ज हत्या के एक मामले और डीबीजी रोड थाने में दर्ज चोरी के मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके पास से वारदात के समय गिरा हुआ मोबाइल फोन साक्ष्य के रूप में बरामद किया है। फिलहाल पुलिस दूसरे फरार आरोपी राहुल उर्फ कपिल की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More