हरी नगर पुलिस ने तिहाड़ जेल के पास से अवैध हथियार के साथ अपराधी को दबोचा; देसी कट्टा और कार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की हरी नगर थाना टीम ने तिहाड़ जेल के आसपास बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और फायरिंग की घटनाओं के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तिहाड़ जेल के गेट नंबर-3 के पास से एक सक्रिय अपराधी को अवैध हथियार और कार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में हत्या के प्रयास और एक्साइज एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि तिहाड़ जेल के संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए एसीपी राजौरी गार्डन के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशु गिरोत्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई ऋत्विज, हेड कांस्टेबल विकास और कुलदीप शामिल थे। टीम को जेल परिसर के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

घटनाक्रम के अनुसार, 23 और 24 फरवरी की दरमियानी रात पुलिस टीम तिहाड़ जेल के गेट नंबर-3 के सामने स्थित सीएनजी पंप के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने वहां खड़ी एक संदिग्ध कार को देखा। पुलिस की मौजूदगी को भांपते हुए कार सवार व्यक्ति ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया और धर दबोचा।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान 30 वर्षीय मनीष उर्फ मन्नू, निवासी नेहरू नगर, करोल बाग के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मनीष एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि वह जेल के पास किस उद्देश्य से हथियार लेकर पहुँचा था और इस अवैध हथियार का स्रोत क्या है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More