स्कूटर सवार तीन नकाबपोशों ने कश्मीरी गेट पर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कश्मीरी गेट पर सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने एक वकील की कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस हमले के दौरान कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति संदीप के कंधे में गोली लगी है। कार चला रहे दीपक खत्री पेशे से वकील हैं और उन्होंने दावा किया है कि वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का हिस्सा हैं। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वारदात मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की है। वकील दीपक खत्री अपने चार साथियों के साथ कार से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर पर सवार तीन हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोका और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों में से एक के पास हथियार था। गोलीबारी में संदीप नामक युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, संदीप की हालत अब खतरे से बाहर है।

कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दीपक खत्री की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है क्योंकि दीपक खत्री ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का वकील बताया है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या फिर इसके पीछे किसी विरोधी गैंग का हाथ है।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस दीपक खत्री और उनके साथियों के विस्तृत बयान ले रही हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि हमले का उद्देश्य केवल डराना था या जान से मारना। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More