उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शख्स ने किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। राजस्थान के करौली से अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने आए 45 वर्षीय महाराज सिंह ने चलती मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और द्वारका-नोएडा (ब्लू लाइन) मार्ग पर मेट्रो सेवाओं पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महाराज सिंह पेशे से पेंटर थे और पिछले कई सालों से गंभीर डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या से ठीक एक दिन पहले सोमवार को भी उन्होंने अस्पताल जाकर डॉक्टरों से परामर्श लिया था। महाराज सिंह अपने बड़े भाई की बेटी की शादी के लिए दिल्ली आए हुए थे, लेकिन उनके इस आत्मघाती कदम से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। उनके पीछे पत्नी, एक 18 वर्षीय बेटी और 17 व 20 साल के दो बेटे हैं।

हैरानी की बात यह है कि उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर सुसाइड की यह कोई पहली घटना नहीं है। महज चार दिन पहले, यानी 20 फरवरी को भी इसी स्टेशन पर नजफगढ़ के रहने वाले 17 वर्षीय छात्र अश्विनी डागर ने मेट्रो के आगे कूदकर जान दे दी थी। एक ही स्टेशन पर बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने मेट्रो स्टेशनों पर यात्री सुरक्षा और प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स लगाने की जरूरत पर दोबारा सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मेट्रो पुलिस स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More