मयूर विहार के मॉल की पार्किंग में खड़ी कार में मिला चालक का शव

नई दिल्ली: दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में सोमवार शाम एक कार चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से मामला किसी संदिग्ध गतिविधि के बजाय प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:55 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि मॉल की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी के भीतर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही मयूर विहार थाना पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं पाए गए। जब पार्किंग क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो पाया गया कि दोपहर 12:05 बजे के बाद मृतक नरेंद्र कुमार की ओर से कोई हलचल नहीं हुई थी और न ही किसी अन्य संदिग्ध व्यक्ति को कार के आसपास देखा गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतक के पास से अस्थमा से संबंधित कुछ दवाएं बरामद हुई हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने या सांस लेने में तकलीफ के कारण उनकी मृत्यु हुई होगी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले में सीआरपीसी की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More