दिल्ली में मौसम का डबल अटैक! सुबह की गुलाबी ठंड के बाद दोपहर में सताएगी गर्मी, ‘खराब’ हवा ने बढ़ाई चिंता

राष्ट्रीय जजमेंट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार सुबह दिल्लीवालों ने हल्की ठंड महसूस की, लेकिन मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी ने स्पष्ट कर दिया है कि अब गर्मी अपने तेवर दिखाने के लिए तैयार है। एक तरफ जहाँ तापमान बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली की हवा में जहर (प्रदूषण) कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में 13 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 207 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के 26 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में थी जबकि 13 केंद्रों पर यह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, एक केंद्र का एक्यूआई डेटा उपलब्ध नहीं था। अन्य सभी केंद्रों में से आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 276 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More