शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले 6 जालसाज को फरीदाबाद पुलिस ने दबोचे

फरीदाबाद: साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग कार्रवाईयों में साइबर थाना एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल की टीमों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के छह गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ठगी की राशि को खपाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करते थे। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं की तलाश शुरू कर दी है।

3 करोड़ का लालच देकर 50 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सेक्टर-22 निवासी एक व्यक्ति से 50.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में झांसी के हरदेव रावत और आगरा के वरिष्ठ चाहर को गिरफ्तार किया है। पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप ‘IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड’ से जोड़कर 850% मुनाफे का झांसा दिया गया था। निवेश के बाद पीड़ित के ऐप खाते में 3 करोड़ रुपये दिखने लगे, लेकिन निकासी के वक्त ठगों ने 61 लाख रुपये कमीशन की मांग की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चेन बनाकर बैंक खाते ठगों तक पहुँचाए थे।

1.38 करोड़ की सबसे बड़ी ठगी में राजस्थान से आरोपी काबू

सेक्टर-21सी निवासी एक व्यक्ति से स्टॉक और आईपीओ में निवेश के नाम पर 1.38 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पीड़ित से कुल 16 ट्रांजैक्शन कराए और अंत में टैक्स के नाम पर भी मोटी रकम वसूली। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी ने राजस्थान के फलौदी निवासी आरोपी श्याम को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंबई में गैस चूल्हा ठीक करने का काम करता है और उसके खाते में ठगी के 3 लाख रुपये आए थे। इस केस में अब तक कुल 13 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

हार्डवेयर फर्म के नाम पर खातों का खेल, अमृतसर से दो पकड़े गए

साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-88 निवासी एक व्यक्ति से 47.75 लाख रुपये की ठगी के मामले में अमृतसर (पंजाब) निवासी विशाल कुमार और करणदीप को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी ‘विशाल हार्डवेयर’ और ‘अमृतसर हार्डवेयर’ नाम से फर्में चला रहे थे, जिनके खातों में ठगी के क्रमशः 4.50 लाख और 11.50 लाख रुपये आए थे। इस मामले में पूर्व में 7 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए जालसाजी, अजमेर से आरोपी गिरफ्तार

चौथी कार्रवाई में साइबर थाना बल्लभगढ़ ने सेक्टर-8 निवासी व्यक्ति से 16.55 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य सलमान खान को अजमेर, राजस्थान से दबोचा है। पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ट्रेडिंग की सलाह देकर जाल में फंसाया गया था। आरोपी सलमान ने मोहित नामक व्यक्ति से खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने आरोपी को 7 दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने आमजन को सचेत करते हुए कहा कि साइबर ठग लुभावने ऑफर और फर्जी ऐप के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई लूट रहे हैं। किसी भी अनजान व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में निवेश के दावों पर भरोसा न करें। यदि कोई ठगी का शिकार होता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More