शकरपुर में बेकाबू कार ने 5 रेहड़ी-पटरी वालों को रौंदा, तीन लोग घायल, पुलिस ने जब्त की कार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में शुक्रवार शाम एक बेकाबू किया सेल्टोस कार ने जमकर कोहराम मचाया। मदर डेयरी रोड पर बाबा पैलेस के पास फल खरीदने के बाद एक बुजुर्ग चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे दुकान लगाने वाले 4-5 वेंडर्स को रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अचानक हुई इस टक्कर से बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान आईपी एक्सटेंशन स्थित सावरकर अपार्टमेंट निवासी दिनेश कुमार शर्मा (67) के रूप में हुई है। दिनेश कुमार शाम करीब 7:50 बजे चावड़ी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। शकरपुर में मदर डेयरी रोड पर उन्होंने फल खरीदे और जैसे ही अपनी कार आगे बढ़ाई, वाहन अचानक अनियंत्रित होकर रेहड़ी-पटरी वालों से जा टकराया। चालक का दावा है कि ‘सडन एक्सीलरेशन’ की वजह से वह कार पर काबू नहीं रख पाए।

इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीन व्यक्तियों को तत्काल पास के कुंदन लाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार जारी है। पुलिस अभी घायलों के नाम और पते की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।

शकरपुर थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटनाक्रम का सही पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More