भोजपुरी स्टार पवन सिंह का शो कराने के नाम पर ठगी, म्यूजिक आर्टिस्ट से 14 लाख ऐंठे

राष्ट्रीय जजमेंट

आजमगढ़ जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर कलाकार से मोटी रकम ऐंठ ली।
मामले में अतरौलिया पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पवन सिंह का शो कराने की बात तय हुई

पुलिस के अनुसार, अमेठी जिले के गाजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं और लखनऊ में रहकर क्लब, रेस्टोरेंट व विभिन्न कार्यक्रमों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नामक लोगों से हुई। बातचीत के दौरान बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनी, जिसमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के तौर पर बुलाने की बात तय हुई।

14 लाख का बताया खर्चा

दिव्यांश ने इस संबंध में अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का पवन सिंह से सीधा संपर्क है और वे कार्यक्रम की बुकिंग आसानी से करवा देंगे। आरोपियों ने बताया कि पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये आएगा और 31 दिसंबर 2024 की तारीख तय कर दी गई। पीड़ित के अनुसार, भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने एडवांस के रूप में नौ लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर करीब पांच लाख एक हजार रुपये और ले लिए गए।

जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे आरोपी- पुलिस

कुछ समय बाद जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी कार्यक्रम या बुकिंग से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए, जिससे ठगी का शक पुख्ता हो गया। दिव्यांश ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की, जिसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार हैं पवन सिंह

पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत का बड़ा नाम हैं। अपने दमदार गानों, फिल्मों और स्टेज शो के लिए मशहूर पवन सिंह की देश-विदेश में बड़ी फैन फॉलोइंग है। उनके नाम पर अक्सर बड़े कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिसका फायदा उठाकर ठग लोगों को निशाना बनाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बड़े कलाकार की बुकिंग करने से पहले आधिकारिक टीम से सत्यापन जरूर करें ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More