पंजाबी बाग थाना पुलिस ने शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार, शनि मंदिर का चोरी हुआ दान पात्र और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की मादीपुर चौकी (थाना पंजाबी बाग) की टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए इलाके के एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादीपुर स्थित शनि मंदिर से चोरी किया गया दान पात्र और एक बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू उर्फ लखन के रूप में हुई है, जो पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे करीब 40 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने हाल ही में हुई चोरी और सेंधमारी की चार अलग-अलग वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 15 फरवरी की शाम मादीपुर चौकी की पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। शाम करीब 06:35 बजे जब टीम झील पार्क स्थित कूड़ा खट्टा के पास पहुँची, तो पुलिस कर्मियों ने एक संदिग्ध युवक को मादीपुर गांव की ओर आते देखा। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और संदिग्ध व्यवहार करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीपी पंजाबी बाग के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पंजाबी बाग के नेतृत्व में कांस्टेबल अंकुर और उनकी टीम ने आरोपी से गहन पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर संजू उर्फ लखन ने चोरी और सेंधमारी की तीन अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मादीपुर के शनि मंदिर से चोरी किया गया दान पात्र भी बरामद कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 26 वर्षीय संजू उर्फ लखन मादीपुर गांव का ही रहने वाला है और वह इलाके का एक घोषित अपराधी है। उसकी गिरफ्तारी से थाना पंजाबी बाग में दर्ज चोरी और सेंधमारी की तीन ई-एफआईआर और आर्म्स एक्ट का एक ताजा मामला सुलझ गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More