रोहिणी के मॉल में सरेराह साली का गला रेता, आरोपी जीजा गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले के बुद्ध विहार थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सेक्टर-24 स्थित वेस्ट मेगा मॉल के भीतर एक सिरफिरे जीजा ने अपनी 24 वर्षीय साली का कटर से गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की। वारदात के बाद मॉल में हड़कंप मच गया और आरोपी मौके से फरार होकर पास की एक इमारत की छत पर छिप गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बुद्ध विहार थाना पुलिस की टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी की और आरोपी को हथियार समेत दबोच लिया। घायल युवती को गंभीर हालत में बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:21 बजे मॉल के पॉकेट-17 में एक महिला पर हमले की सूचना मिली थी। हमलावर ने युवती की गर्दन पर कटर से वार किया था, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई साहिल, हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, कुलदीप, गणेश, मनदीप और कांस्टेबल अजय व परमेंद्र की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मॉल और आसपास की इमारतों की सघन तलाशी ली और आरोपी जय प्रकाश यादव को बगल की बिल्डिंग की छत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नजफगढ़ के जनता विहार का रहने वाला है और एक कोचिंग सेंटर में शिक्षक है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी (जो स्वयं एक शिक्षिका है) और उसके परिवार के साथ अप्रैल 2025 से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपनी साली को निशाना बनाया, जो मॉल स्थित एक थेरेपी सेंटर में काम करती है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कटर ब्लेड बरामद कर लिया है। बुद्ध विहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पीड़िता बयान देने की स्थिति में नहीं है और पुलिस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More