एशिया के सबसे बड़े आईटी हब को मिला 6 मंजिला पार्किंग कॉम्प्लेक्स, एक साथ खड़े हो सकेंगे 1000 से अधिक वाहन

नई दिल्ली: दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र और एशिया के सबसे बड़े आईटी हब, नेहरू प्लेस की सूरत बदलने की दिशा में सोमवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से नेहरू प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मल्टीलेवल कार पार्किंग का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित यह छह मंजिला भव्य परिसर न केवल पार्किंग के संकट को दूर करेगा, बल्कि नेहरू प्लेस और आसपास की सड़कों पर लगने वाले भारी जाम से भी आम जनता को बड़ी राहत दिलाएगा।

नेहरू प्लेस में प्रतिदिन लगभग 1.3 लाख लोगों की आवाजाही होती है, जिसके कारण लंबे समय से यहां पार्किंग एक विकराल समस्या बनी हुई थी। इस अवसर पर उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा कि इस आधुनिक परिसर का निर्माण सार्वजनिक आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि अब सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग के प्रति प्रशासन ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगा। उपराज्यपाल ने नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि नेहरू प्लेस का पुनर्विकास व्यवस्थित और टिकाऊ शहरी बुनियादी ढांचे का हिस्सा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कम समय में इस जटिल परियोजना को पूरा करने के लिए डीडीए की सराहना की और इसे दिल्ली के स्मार्ट विजन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इंजीनियरिंग की दृष्टि से यह पार्किंग परिसर बेहद खास है, जिसमें स्वीडन की प्रसिद्ध वैक्यूम डीवाटर्ड कंक्रीट तकनीक का प्रयोग किया गया है। यह तकनीक फर्श की सतह को अत्यधिक मजबूत बनाती है और भारी वाहनों के दबाव के बावजूद दरारों को रोकती है। साथ ही, भूकंप रोधी बनाने के लिए इसमें हल्के एएसी ब्लॉकों का इस्तेमाल किया गया है। यह छह मंजिला इमारत (बेसमेंट प्लस पांच मंजिल) 660 कारों और 350 से अधिक दोपहिया वाहनों को सुरक्षित खड़ा करने की क्षमता रखती है। परिसर में दिव्यांगजनों और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए विशेष स्लॉट आरक्षित किए गए हैं।

पार्किंग की सुगमता के लिए यहाँ ‘इंटेलिजेंट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू किया गया है, जिसके तहत डिजिटल फ्लोर डिस्प्ले के जरिए वाहन चालक खाली जगह को आसानी से ढूंढ सकेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर में 148 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करेंगे। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इसमें 9 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट, वर्षा जल संचयन प्रणाली और वर्टिकल गार्डन जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवना कुमार सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More