दिन भर साथ घूमे, रात को हुआ विवाद और मार डाला; हरि नगर पुलिस ने एनजीओ डायरेक्टर को पकड़ा

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक एनजीओ संचालक ने कारोबारी विवाद के चलते अपने ही साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को दबोच लिया। मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी हरीश कंडवाल (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार आधी रात के करीब दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया है, जिसकी गर्दन पर चाकू के गहरे घाव हैं। सूचना मिलते ही हरि नगर थाने की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त हरीश कंडवाल के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने फर्श बाजार निवासी असीम अली (46) को गिरफ्तार किया है। असीम अली ‘साईं साधना सोशल वेलफेयर फाउंडेशन’ नामक एनजीओ का डायरेक्टर है, जिसे वह अपने घर से ही संचालित करता था। मृतक हरीश भी इसी एनजीओ से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार को दोनों दिन भर साथ में ही घूम रहे थे, लेकिन रात के वक्त हरि नगर के सीडी ब्लॉक के पास दोनों के बीच किसी वित्तीय लेन-देन या व्यापारिक विवाद को लेकर तीखी बहस हो गई।

बहस के दौरान गुस्से में आकर असीम अली ने हरीश की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण हरीश की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह कितनी रकम का लेन-देन था और क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More