‘प्रीपेड टास्क’ रैकेट का एक और मोहरा गिरफ्तार, लखनऊ से पकड़ा गया टूर एंड ट्रेवल्स संचालक

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ‘प्रीपेड टास्क’ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए एक और अहम कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी इकबाल नासिर खान (26) को लखनऊ के लालबाग इलाके से गिरफ्तार किया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे व्हाट्सएप पर घर बैठे टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लुभावना विज्ञापन मिला था। ठगों ने उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर विश्वास जीता और ‘प्रीपेड टास्क’ में निवेश के नाम पर उससे कुल 6,52,100 रुपये अलग-अलग किस्तों में हड़प लिए। जब महिला को कोई रिटर्न नहीं मिला, तब उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी इकबाल नासिर खान ने ही इस मामले के एक अन्य आरोपी मिनाम सिद्दीकी से बैंक खाता प्राप्त किया था और उसे मुख्य ठगों तक पहुंचाया था। इकबाल 12वीं पास है और लखनऊ में टूर एंड ट्रेवल्स का काम करता है, जिसकी आड़ में वह साइबर अपराधियों के लिए संसाधनों का इंतजाम कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से इस नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और अन्य खातों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। फरीदाबाद पुलिस ने एक बार फिर जनता को आगाह किया है कि व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर मिलने वाले ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ‘प्रीपेड टास्क’ जैसे विज्ञापनों से सतर्क रहें, ये साइबर ठगी के सोचे-समझे जाल हो सकते हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More