पुलिस का स्टीकर लगी कार और सिपाही का आईडी कार्ड, फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने फर्जी एएसआई को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से बड़खल चौक पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर रौब झाड़ने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपनी कार पर पुलिस के स्टीकर लगाकर घूम रहा था और चेकिंग के दौरान खुद को सूरजकुंड थाने में तैनात एएसआई बताकर पुलिस टीम को ही गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी की कार जब्त कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 फरवरी को बड़खल चौक पर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक ऑल्टो कार को रुकवाया। कार के आगे और पीछे पुलिस के स्टीकर लगे हुए थे। जब ट्रैफिक कर्मियों ने चालक से पूछताछ की, तो उसने बड़ी धौंस के साथ खुद को हरियाणा पुलिस का एएसआई बताया और सूरजकुंड थाने में अपनी तैनाती होने का दावा किया।

जब पुलिस टीम ने उससे पहचान पत्र मांगा, तो उसने एएसआई के बजाय सिपाही का कार्ड दिखाया। पद और आईडी कार्ड में अंतर होने पर टीम को शक हुआ। गहनता से छानबीन और विभाग में क्रॉस-चेक करने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत ही नहीं है। वह केवल पुलिस के नाम का दुरुपयोग कर लोगों और प्रशासन पर रौब झाड़ने के लिए फर्जी आईडी कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।

ट्रैफिक स्टाफ के होमगार्ड नसीब की शिकायत पर थाना ओल्ड में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक, निवासी गांव अंखीर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने इस फर्जी पहचान के जरिए और कितने लोगों को ठगा या प्रभावित किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More