क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर चूना लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश; दिल्ली से महिला समेत 6 गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और छापेमारी के जरिए दिल्ली के नजफगढ़ और उत्तम नगर इलाके से एक महिला सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को कॉल करता था और फर्जी लिंक के जरिए उनके बैंक खातों में सेंध लगाता था।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-3, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जनवरी को उसके पास एक कथित बैंक कर्मचारी का फोन आया। कॉलर ने उसे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। जब पीड़ित सहमत हो गया, तो उसे एक फिशिंग लिंक भेजा गया और कार्ड की गोपनीय जानकारी भरने को कहा गया। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर ओटीपी दर्ज किया, उसके खाते से 15,199 रुपये पार हो गए।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों के काम करने के तरीके का बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी अंकित, शिव शंकर और महिला आरोपी मुख्य रूप से कॉलिंग का काम करते थे और ग्राहकों को झांसे में लेते थे। शिवम चौहान का काम कॉलिंग के लिए फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराना था, जबकि अंसुम और पारस ग्राहकों का डेटा मुहैया कराते थे ताकि ठगी के लिए टारगेट ढूंढे जा सकें।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम चौहान, अंकित, शिव शंकर ठाकुर (सभी निवासी नजफगढ़), अंसुम (निवासी उत्तम नगर) और हर्ष कुमार सिंह (निवासी बिहार, हाल दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी हर्ष, शिवम और महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि अंकित, शिव शंकर और अंसुम को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस इन आरोपियों से ठगी की अन्य वारदातों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ करेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More