रूप नगर पुलिस ने ‘चोर-चोर’ का शोर सुनकर पीछा किया और दबोच लिए दो झपटमार, 10 फोन और चोरी की बाइक बरामद

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के रूप नगर थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय झपटमारों के एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड शाहरुख और उसके एक किशोर साथी को उस वक्त रंगे हाथ दबोच लिया, जब वे एक छात्र का मोबाइल झपटकर भाग रहे थे। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने इनके तीसरे साथी दीपक उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और अलग-अलग इलाकों से झपटे गए 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस कामयाबी से पुलिस ने रूप नगर, नांगलोई और मौरिस नगर के कुल पांच मामलों को सुलझा लिया है।

डीसीपी (उत्तर जिला) राजा बांठिया ने बताया कि 5 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे रूप नगर थाने के हेड कांस्टेबल संदीप और कुलदीप कमला नगर स्थित बिड़ला मिल्स के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक लड़के को ‘चोर-चोर’ चिल्लाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों का पीछा करते देखा। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए अपनी बाइक से संदिग्धों का पीछा शुरू किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहरुख (29) और एक 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई, जो मुबारकपुर डबास के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से पीड़ित का फोन समेत कुल 6 मोबाइल बरामद हुए।

जांच में पता चला कि पीड़ित ए.के. (17), जो बुराड़ी का रहने वाला है, सड़क किनारे खड़े होकर फोन पर बात कर रहा था, तभी इन बदमाशों ने उसका सैमसंग फोन झपटा था। जिस स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल आरोपी कर रहे थे, वह भी करीब एक महीने पहले नांगलोई इलाके से चोरी की गई थी। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने किराड़ी इलाके में छापेमारी कर इनके तीसरे साथी दीपक उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से 4 और मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरोह का मुखिया शाहरुख पिछले 6-7 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और स्कूल ड्रॉपआउट है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग सुनसान इलाकों में लोगों को निशाना बनाने के लिए करते थे और झपटे गए फोन को सस्ते दामों पर बेच देते थे। रूप नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र और एसीपी विकास मीणा के मार्गदर्शन में टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस अब बरामद हुए अन्य मोबाइल फोन के मालिकों का पता लगाने और इस गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों की जांच करने में जुटी है। फिलहाल, शाहरुख और दीपक को जेल भेज दिया गया है और किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More