वसंत कुंज के फ्लैट में प्रॉपर्टी डीलर ने की खुदकुशी, पंखे से लटका मिला शव

नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके वसंत कुंज साउथ में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसके घर में पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक घर में अकेला रहता था और काफी समय से परिवार से अलग रह रहा था। पुलिस को संदेह है कि व्यक्ति ने कुछ दिन पहले आत्महत्या की थी, क्योंकि शव आंशिक रूप से सड़ चुका था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:19 बजे ई-2 ब्लॉक स्थित एक घर में खुदकुशी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बीट स्टाफ मौके पर पहुंचा, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीसीआर स्टाफ और दिल्ली फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा, तो अंदर करीब 49 वर्षीय व्यक्ति का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे छत के पंखे से लटकता हुआ मिला।

क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की पहचान होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था और पिछले कुछ समय से अपने परिवार से अलग एकांत में रह रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने फिलहाल मौत को लेकर किसी भी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है।

पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना एक-दो दिन पुरानी हो सकती है। फिलहाल वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौत के पीछे के असल कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More