मायापुरी की खजान बस्ती में रेड कर दबोचा मोबाइल चोर, चोरी का माल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने संपत्ति अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मायापुरी थाना पुलिस की टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक शातिर ऑटो-लिफ्टर और एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में दर्ज चोरी के कई मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 6 फरवरीको मायापुरी थाने में स्कूटी चोरी की ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ मोहिंदर पाल और एसीपी इंद्रराज सिंह मीणा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला और ‘फेस रिकग्निशन सिस्टम’ की मदद से आरोपी की पहचान की। तकनीकी सर्विलांस के आधार पर हेड कांस्टेबल देवेंद्र, शिवचरण और कांस्टेबल दीपक की टीम ने आरोपी राहुल उर्फ रोहित (40) को चोरी की स्कूटी के साथ दबोच लिया। राहुल पहले भी चोरी के छह मामलों में शामिल रह चुका है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई 7 फरवरी को की गई, जिसमें मोबाइल चोरी की घटना की जांच करते हुए पुलिस टीम ने खजान बस्ती इलाके में छापेमारी की। हेड कांस्टेबल शिवचरण और किशन लाल की टीम ने आरोपी राकेश (26) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि राकेश एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व अन्य अपराधों के आठ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों ही ऑपरेशनों में आधुनिक तकनीक और लोकल इंटेलिजेंस का प्रभावी तालमेल देखने को मिला। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि उनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वालों का पता लगाया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि इन गिरफ्तारियों के बाद इलाके में संपत्ति से जुड़े अपराधों में कमी आएगी। फिलहाल, दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More