संभल में फर्जी इनकम टैक्स अफसर गिरफ्तार, धमकी देकर मांग रहा था 24 लाख रुपये

राष्ट्रीय जजमेंट

संभल: संभल पुलिस ने एक फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी को गिरफ्तार किया है. वह एक किसान को यह कहकर धमका रहा था कि उसके पास 2 करोड़ काला धन है. उसने किसान को बकायदा फर्जी नोटिस भी दिया था और उससे मामला रफा दफा करने के लिए 24 लाख रुपये मांग रहा था.

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का फर्जी नोटिस थमाया: सोमवार को संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बहजोई स्थित अपने कार्यालय पर प्रेस कान्फ्रेंस की और बताया कि नखासा थाना इलाके के ग्राम अख्तयारपुर तगा निवासी शीशपाल पुत्र पीताम्बर को आरोपी ने धमकाया था.
8 फरवरी को मामला दर्ज हुआ: आरोपी ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का फर्जी नोटिस भी थमा दिया. इससे पीड़ित घबरा गया और मामला पुलिस तक के पास पहुंचा. सूचना मिलते ही थाना नखासा पुलिस हरकत में आई और पूरे प्रकरण की जांच की. जांच में सामने आया कि इनकम टैक्स अधिकारी बनकर धमकाने वाला युवक फर्जी है. उसका मकसद सिर्फ अवैध वसूली करना था. इसके बाद 08 फरवरी 2026 को पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया.

आरोपी मोहित की उम्र 22 साल है: पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस उम्र 22 वर्ष पुत्र पुरुषोत्तम निवासी ग्राम ठिल्लूपुरा थाना नखासा को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड, आयकर विभाग का फर्जी लैटर और इनकम टैक्स का एक नकली नोटिस बरामद हुआ है, जिनका इस्तेमाल वह लोगों को डराने और ठगने में कर रहा था.

आरोपी का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस: पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी आत्मविश्वास के साथ खुद को अधिकारी बताकर बात करता था, जिससे लोग उसकी बातों में आ जाते थे. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले कितने लोगों को इस तरह ठगी का शिकार बनाया है.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More