दरियागंज में अनियंत्रित होकर पलटी लग्जरी कार, दिल्ली पुलिस ने देवदूत बनकर बचाई जान

नई दिल्ली: दिल्ली के दरियागंज इलाके में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते एक पलटी हुई कार में फंसे दो यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना नेताजी सुभाष मार्ग पर फैज बाजार चौक के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार काली रंग की XUV-700 अनियंत्रित होकर फुटपाथ के पास पलट गई थी। गनीमत यह रही कि पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिससे किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि रात करीब 01:21 बजे दरियागंज थाने को सूचना मिली कि एसएस रोड नुक्कड़ के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल राहुल की टीम चंद मिनटों के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। कार चालक के अनुसार, सड़क पर बिखरी धूल और रोड़ियों के कारण गाड़ी अचानक फिसल गई और असंतुलित होकर पलट गई। कार के अंदर फंसे यात्री बुरी तरह घबराए हुए थे और बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ पा रहे थे।

पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ और जांबाजी का परिचय देते हुए न केवल पलटी हुई गाड़ी को सीधा करवाया, बल्कि उसके अंदर फंसे दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस कर्मियों ने यात्रियों को ढांढस बंधाया और उन्हें प्राथमिक उपचार व मानसिक सहयोग प्रदान किया ताकि वे हादसे के सदमे से बाहर आ सकें। सुखद बात यह रही कि इस भयानक दुर्घटना के बावजूद दोनों यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत यातायात व्यवस्था को सामान्य किया और सड़क से मलबे को हटवाकर अन्य वाहन चालकों के लिए रास्ता सुरक्षित बनाया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More