वेयरहाउस से ब्रांडेड पर्स गायब करने वाले शातिर कर्मचारी दबोचे: फ्लिपकार्ट के पिकअप बॉयज ने रची थी साजिश

नई दिल्ली: दिल्ली की नबी करीम थाना पुलिस ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाली हाई-टेक चोरी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के वेयरहाउस से योजनाबद्ध तरीके से पर्स चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नामी ई-कॉमर्स कंपनी ‘फ्लिपकार्ट’ के दो पिकअप बॉय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 152 ब्रांडेड लेडीज पर्स बरामद किए हैं। पुलिस ने इस पूरे मामले को महज 12 घंटे के भीतर एक ‘डेकॉय ऑपरेशन’ के जरिए सुलझाया।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 6 फरवरी को नबी करीम थाने में ‘एक्सोटिक’ ब्रांड के मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से उनके वेयरहाउस से लगातार लेडीज पर्स गायब हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई विपुल तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जब वेयरहाउस के कर्मचारियों से पूछताछ की तो कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने सोशल मीडिया पर लेडीज पर्स बेचने वाले करीब 100 अकाउंट्स को खंगाला, जिसमें एक पेज पर ‘एक्सोटिक’ ब्रांड के पर्स बेहद कम दाम पर बिकते हुए मिले।

संदेह गहराने पर पुलिस ने एक जाल बिछाया। एक पुलिसकर्मी को नकली ग्राहक बनाकर उसी सोशल मीडिया पेज के जरिए 50 पर्स का ऑर्डर दिया गया। जैसे ही आरोपी पर्स की डिलीवरी देने पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सत प्रकाश (36) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि फ्लिपकार्ट और मिंत्रा जैसी कंपनियों के पिकअप बॉय वेयरहाउस से ऑर्डर उठाते समय हर बंडल से 2-3 पर्स गायब कर देते थे। इतना ही नहीं, जो ऑर्डर कैंसिल हो जाते थे, उन्हें वापस जमा करने के बजाय आरोपी आपस में बांट लेते थे।

सत प्रकाश की निशानदेही पर पुलिस ने फ्लिपकार्ट में काम करने वाले दो पिकअप बॉय संतोष (35) और राहुल (24) को नबी करीम की तेल मिल गली से गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों पिछले 3-4 साल से कंपनी में काम कर रहे थे। आरोपी चोरी किए गए पर्स उत्तम नगर के एक रिसीवर को बेच देते थे। पुलिस ने इनके पास से 152 ब्रांडेड पर्स बरामद कर लिए हैं और अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन में हुई इस सफल कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More