MTNL की पुरानी बिल्डिंग से उड़ाते थे तांबा: चोरी की बाइक और 28 किलो तांबे के तार के साथ दो शातिर चोर दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में तांबे का तार बरामद किया है। इस कार्रवाई से पुलिस ने डीबीजी रोड थाने में दर्ज चोरी के एक मामले को सुलझाने के साथ-साथ मोती नगर इलाके से चोरी हुई बाइक भी बरामद कर ली है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए शीदीपुरा पुलिस चौकी की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 5 फरवरी को हेड कांस्टेबल रामकरण और कांस्टेबल शीशराम किशनगंज स्थित रेलवे कॉलोनी के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें एक काली मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि वह मोटरसाइकिल मोती नगर थाने से करीब दो महीने पहले चोरी की गई थी।

पुलिस की सघन पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान मोहम्मद इम्तियाज आलम (30) और कौसर उर्फ केसर (28) के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की बाइक का इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे। आरोपी कौसर ने बताया कि उन्होंने किशनगंज स्थित एमटीएनएल की पुरानी बिल्डिंग से कटर की मदद से भारी मात्रा में तांबे के तार चोरी किए थे। उन्होंने चोरी का कुछ माल कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि करीब 28 किलो तांबा एक खाली पड़ी इमारत में छिपाकर रखा था।

पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर खाली पड़ी बिल्डिंग से 28 किलोग्राम तांबे का तार बरामद कर लिया है। यह ऑपरेशन एसीपी पहाड़गंज सौरभ ए. नरेंद्र के मार्गदर्शन और डीबीजी रोड थाना प्रभारी रणधीर सिंह की देखरेख में शीदीपुरा चौकी प्रभारी एसआई सुमित सिंह की टीम द्वारा अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही उन कबाड़ियों की भी तलाश जारी है जो इनसे चोरी का सामान खरीदते थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More