त्रिलोकपुरी के रिक्शे से तस्करी कर ले जाई जा रही 45 पेटी अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कल्याणपुरी थाना पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो रिक्शे की मदद से अवैध शराब की बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हरियाणा निर्मित शराब की 45 पेटियां (कुल 2225 क्वार्टर) बरामद की हैं। समय रहते की गई इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब की बड़ी खेप खपाने की योजना विफल हो गई।

पूर्वी जिले के एडिशनल कमिश्नर अभिषेक धानिया ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्त के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 7 फरवरी 2026 को कांस्टेबल वीरेंद्र और कांस्टेबल मनेंद्र त्रिलोकपुरी के 10-ब्लॉक खत्ता के पास नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गोपनीय सूचना मिली कि इलाके में रिक्शे के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की, जहां एक संदिग्ध युवक रिक्शे पर बैठा दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। जब रिक्शे की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। रिक्शे में 180 एमएल के हरियाणा मार्का शराब के 45 कार्टन छिपे हुए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान हरिकेश (20), निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में हुई। आरोपी ने कबूल किया कि वह पुलिस की नजरों से बचने के लिए रिक्शे का इस्तेमाल कर रहा था और इसे त्रिलोकपुरी के स्थानीय इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी 10वीं पास है और पहले भी एक आपराधिक मामले में संलिप्त रहा है। वह जल्द पैसे कमाने के लालच में इस अवैध धंधे में उतर गया था। इस मामले में कल्याणपुरी थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच हेड कांस्टेबल रवि कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि शराब की यह खेप हरियाणा से दिल्ली तक कैसे पहुंची और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More