वसंत विहार में घरेलू नौकर ने चोरी किए थे लाखों के जेवर, पुलिस ने बिहार और उत्तराखंड में छापेमारी कर साथी समेत पकड़ा, जेवर बरामद

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के साउथ-वेस्ट जिले की वसंत विहार थाना पुलिस ने घरेलू चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के नेकलेस, कंगन और चांदी की ईंटों सहित भारी मात्रा में जेवर बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश सिंह और राजू साह के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में बिहार और उत्तराखंड तक छापेमारी की थी।

साउथ-वेस्ट जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 2 फरवरी को वसंत विहार निवासी भवानीदीन ने अपनी पत्नी के सोने और चांदी के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बब्बर भान की देखरेख में और एसएचओ राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई प्रशांत यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल रवि शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता के साथ काम करने वाले नौकर नरेश सिंह पर शक हुआ। जब पुलिस ने नरेश से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सबसे पहले चांदी की चुटकी बरामद की, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी नरेश ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए बाकी के कीमती जेवर अपने साथी राजू साह को सौंप दिए हैं। राजू साह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है और उत्तराखंड के बागेश्वर में एक ज्वैलरी शॉप पर काम करता था। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर बिहार के सीतामढ़ी जिले के रामनगर गांव में छापेमारी की और राजू साह को धर दबोचा। राजू के पास से चोरी के बाकी सभी जेवर बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 20 ग्राम का सोने का नेकलेस, 4 सोने के कंगन, 80 ग्राम की चांदी की पायल, चांदी की कमरबंद (करीब 300 ग्राम) और करीब 700 ग्राम वजनी चांदी की ईंट व टुकड़ा बरामद किया है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी नरेश सिंह ने अपने ही साथी के घर में सेंधमारी की थी, जबकि राजू साह चोरी के माल को ठिकाने लगाने और उसे छिपाने में शामिल था। फिलहाल टीम आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More