आर.के. पुरम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; 100 मुकदमों का आरोपी ‘दरिंदा’ मुठभेड़ के बाद सलाखों के पीछे

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की आर.के. पुरम थाना टीम ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद दिल्ली के सबसे कुख्यात और वांछित अपराधियों में से एक ‘संजय शर्मा उर्फ दरिंदा’ को उसके साथी सोनू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक गोली थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने संजय के पैर में गोली मारकर उसे पस्त कर दिया।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि आर.के. पुरम और वसंत विहार इलाके में हाल ही में हुई झपटमारी और चोरी की वारदातों को देखते हुए एसीपी बब्बर भान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि 100 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल ‘संजय दरिंदा’ जेल से छूटने के बाद फिर से सक्रिय हो गया है।

6 फरवरी की तड़के करीब 03:15 बजे, पुलिस टीम को सूचना मिली कि संजय अपने साथी के साथ सेक्टर-3, आर.के. पुरम के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। जब पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलियां एसएचओ रविंद्र कुमार त्यागी और सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक गोली संजय के दाएं घुटने में लगी, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया।

35 वर्षीय संजय दरिंदा का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। उसने मात्र 12 साल की उम्र में पहला अपराध किया था। उस पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह विशेष रूप से सरकारी फ्लैटों को निशाना बनाता था और चोरी के बाद सबूत मिटाने के लिए घरों में आग लगा देता था, जिसके कारण उसे ‘दरिंदा’ और ‘बर्गेल-एंड-बर्न’ अपराधी के रूप में जाना जाता है। उसका साथी सोनू (34) भी चोरी के 10 मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 7.65 एमएम की पिस्टल, एक सिंगल शॉट पिस्टल, कारतूस और एक बैकपैक बरामद किया है। इस बैग में सेंधमारी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई आधुनिक औजार रखे हुए थे। पुलिस के अनुसार, इन दोनों की गिरफ्तारी से हाल ही में हुई लूट और चोरी की 12 नई गुत्थियाँ सुलझ गई हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More