हादसे में जान गंवाने वाले सुधीर के परिवार को मुख्यमंत्री ने सौंपा 10 लाख का चेक, विधवा पेंशन और सरकारी नौकरी का भी वादा

नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी में पिछले वर्ष हुए दर्दनाक हादसे के पीड़ित परिवार को दिल्ली सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिवंगत सुधीर कुमार की पत्नी सुनीता देवी को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल आर्थिक मदद दी, बल्कि परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए।

विधवा पेंशन और सरकारी नौकरी का आश्वासन

चेक सौंपते समय मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिला की जल्द से जल्द विधवा पेंशन शुरू की जाए। साथ ही, उन्होंने परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

हादसे ने उजाड़ दिया था हंसता-खेलता परिवार

बता दें कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान कालकाजी के हंसराज सेठी मार्ग पर एक विशाल पेड़ बाइक सवार सुधीर कुमार पर गिर गया था। इस हादसे में सुधीर की मृत्यु हो गई थी, जबकि उनके साथ बैठी उनकी बेटी घायल हो गई थी। तुगलकाबाद के बाजार मोहल्ला निवासी सुधीर अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।

सांसद बिधूड़ी ने जताया आभार

इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और समय पर आर्थिक सहायता व नौकरी का प्रावधान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। बिधूड़ी ने कहा कि यह सहायता परिवार को दोबारा पैरों पर खड़ा करने में मददगार साबित होगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More