मालकिन के गहने लेकर फरार हुई नौकरानी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, जेवरात बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुई एक नौकरानी को मध्य प्रदेश के दमोह जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी नौकरानी के पास से चोरी किए गए सोने के कंगन, हार और हीरे के झुमके समेत भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 22 जनवरी को शिकायतकर्ता जॉय भाटिया ने अपने घर से सोने के गहने चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में द्वारका सेक्टर-23 थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने अपनी नौकरानी लक्ष्मी रानी बंसल पर शक जताया, जो वारदात के बाद से ही अपने किराए के मकान से गायब थी।

एसएचओ सेक्टर-23 के नेतृत्व में एएसआई कर्मवीर, हेड कांस्टेबल नीरज, शेरसिंह, विक्की और महिला एएसआई भगवती की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जब आरोपी महिला के कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले, तो पता चला कि वह मध्य प्रदेश के दमोह स्थित अपने गांव भाग गई है। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से दमोह के पथरिया गांव में छापेमारी की और आरोपी लक्ष्मी रानी बंसल को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 2 सोने के कंगन, 1 जोड़ी सोने के कान के झुमके, 1 जोड़ी हीरे के झुमके, 1 सोने का पेंडेंट सेट और 1 सोने का हार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More