पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भाग रहा था अपराधी; आईफोन और चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तैनात पेट्रोलिंग टीम ने न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू, लूटा गया आईफोन-12 और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी ‘समाध’ जहांगीरपुरी का घोषित अपराधी है, जो पहले भी झपटमारी और नशा तस्करी के कई संगीन मामलों में संलिप्त रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल सीपी भीष्म सिंह के अनुसार, मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष पेट्रोलिंग टीमें तैनात की गई हैं। इसी क्रम में 30 जनवरी की शाम करीब 06:15 बजे, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और कांस्टेबल रविंदर निरंकारी ग्राउंड स्थित शाह आलम बांध रोड के पास गश्त पर थे। तभी उन्होंने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपी घबरा गया और पकड़े जाने के डर से अचानक यू-टर्न लेकर विपरीत दिशा में भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर मौके पर ही काबू कर लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी समाध (25) के पास से एक अवैध बटनदार चाकू और आईफोन-12 बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह मोबाइल फोन हाल ही में मुखर्जी नगर इलाके से ही झपटा गया था, जिसकी ई-एफआईआर पहले से दर्ज थी। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर कम समय में आसान पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा था। जांच में यह भी सामने आया कि समाध के खिलाफ जहांगीरपुरी, आदर्श नगर और मॉडल टाउन थानों में चोरी, झपटमारी और एनडीपीएस एक्ट के 4 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं और आरोपी की अन्य वारदातों में संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More