चाकू की नोक पर लूट करने वाला शातिर लुटेरा गिरफ्तार, लूटा हुआ मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला की आनंद पर्वत थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके के एक खूंखार लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी ‘अंकित उर्फ माफिया’ पहले भी चोरी और स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल रहा है।

मध्य जिला के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, 21 जनवरी को आनंद पर्वत के नई बस्ती इलाके में चाकू की नोक पर मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। पीड़ित ने बताया कि गली नंबर 5 के पास एक अज्ञात लड़के ने उसे चाकू दिखाकर डराया और मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीपी पटेल नगर और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एएसआई याद राम, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल राजेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय किया।

28 जनवरी को पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी नई रोहतक रोड स्थित सराय रोहिल्ला बस स्टैंड के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर आरोपी अंकित उर्फ माफिया (22) को दबोच लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने पीड़ित से पहले 500 रुपये मांगे थे और इनकार करने पर चाकू दिखाकर मोबाइल लूट लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से दिल्ली के अलग-अलग थानों में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More