वीर बाल दिवस पर महापौर ने किया ‘वीरता फ़ुटबॉल कप’ का आगाज; नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दम

नई दिल्ली: वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रथम ‘नगर निगम वीरता फ़ुटबॉल कप प्रतियोगिता 2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। खाटू श्याम जी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन दिल्ली के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने किया। इस दौरान निगम के विद्यालयों से आए नन्हे खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल और अनुशासन से सभी का दिल जीत लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें साहस और राष्ट्रप्रेम की सीख देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस फुटबॉल कप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का संचार करना है। खेल ही वह माध्यम है जिससे विद्यार्थियों में टीम भावना और अनुशासन के गुण विकसित होते हैं।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने खेलों को सर्वांगीण विकास का आधार बताया, जबकि शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश कुमार वर्मा ने निगम विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने को अपनी प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी और अतिरिक्त आयुक्त (शिक्षा) पंकज नरेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों के जोश ने यह साबित कर दिया कि दिल्ली नगर निगम के छात्र न केवल शिक्षा बल्कि खेल के मैदान में भी ऊंचाइयां छूने को तैयार हैं। निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाएगा ताकि बच्चों के व्यक्तित्व का चहुंमुखी विकास हो सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More