मुनिरका सर्वोदय विद्यालय में “तरंग” की धूम: विधायक अनिल कुमार शर्मा ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

नई दिल्ली: दिल्ली के मुनिरका स्थित सर्वोदय सह-शिक्षा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव “तरंग” का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह और उमंग से भरे इस समारोह में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “अभिव्यक्ति” का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को पुरस्कृत करने के साथ-साथ शिक्षा निदेशालय की विभिन्न परियोजनाओं की प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरके पुरम के विधायक अनिल कुमार शर्मा, जिला शिक्षा निदेशक हरि किशन, डीयूआरसीसी मीना कश्यप और किशनगढ़ थाने के एसएचओ अजय कुमार यादव ने दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ किया। विद्यालय की प्राचार्या सुमन कैन ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्रों ने नृत्य, गायन और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें शिक्षकों का मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत साफ झलक रही थी।

मुख्य अतिथि विधायक अनिल कुमार शर्मा ने सीबीएसई की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पूर्व छात्रों सहित राज्य और जिला स्तर पर खेल व कला में नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका “अभिव्यक्ति” का विमोचन करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, विधायक महोदय ने अपनी ओर से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को निःशुल्क सहायक सामग्री भी वितरित की।

समारोह के दौरान निपुण संकल्प, नींव, और साइंस ऑफ लिविंग जैसी परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियों की विशेष सराहना की गई। एसएचओ अजय कुमार यादव ने एनएसएस और ईको क्लब जैसी गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या सुमन कैन ने सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिक्षिका नैंसी सहरावत और विद्यार्थियों द्वारा किया गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More