आगरा: तेल व्यवसायी ने लूटपाट का किया विरोध तो बदमाशों ने गला दबाकर कर दी हत्या

0
आगरा। फतेहपुर सीकरी में तेल व्यवसायी के घर शनिवार रात हथियारबंद चार बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर व्यवसायी की गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाशों ने परिवार की एक महिला को भी बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके पर छानबीन की है।
फतेहपुर सीकरी बाजार में बजाज राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के पास 70 वर्षीय तेल व्यवसायी दिनेश चंद्र का मकान है। दिनेश यहां पत्नी उर्मिला देवी के साथ रहते हैं। शनिवार रात चार नकाबपोा बदमाश घर में दाखिल हो गए। आहट पाकर दिनेश व उर्मिला की नींद खुल गई। उन्होंने बदमाशों का विरोध किया तो उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
बदमाशों ने उर्मिला के सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किया, इससे वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद बदमाश घर में रखी नकदी और लाखों रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए।
काफी देर बाद रविवार तड़के उर्मिला देवी को होश आया, लेकिन डर के कारण वो घर से बाहर नहीं निकली। सुबह हिम्मत जुटाकर उन्होंने शोर मचाया। तब पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। घर के अंदर अलमारी खुली हुई थी। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। सीओ नम्रता श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक पश्चिम रवि कुमार भी मौके पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने घायल उर्मिला देवी को अस्पताल भेजा, वहीं उनके पति का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनेश चंद्र का एक बेटा है, जो बाहर रहता है। चार लड़कियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। मकान में पति-पत्नी ही रहते थे।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More