वेलकम में पुरानी रंजिश में तीन युवकों ने की चाकू मारकर एक की हत्या, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 5 जनवरी की रात हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा कर दिया। इस वारदात में 18 साल के अरमान की मौत हो गई थी, जबकि उसका दोस्त अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना वेलकम की टीम ने एसएचओ इंस्पेक्टर रूपेश खत्री के नेतृत्व में महत्वपूर्ण सुरागों का पीछा कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुहैल उर्फ जादू (20 वर्ष), इलमान (22 वर्ष) और रिजवान उर्फ किड़ा के रूप में हुई है।

लंबी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनका मृतक अरमान और घायल व्यक्ति से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 5 जनवरी की रात पीली मिट्टी इलाके के पास एक पार्क में दोनों दोस्तों पर हमला किया गया। पहले मामूली कहासुनी हुई, जो देखते-देखते हिंसक हो गई। आरोपियों ने चाकू निकालकर अरमान और उसके दोस्त पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अरमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त बुरी तरह जख्मी हो गया। घायल को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More